मुख्यमंत्री भगवंत मान की शुक्राना यात्रा बठिंडा पहुंची, जहां सिख संगतों ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भाजपा पर बिना नाम लिए समाज में विभाजन फैलाने का आरोप लगाया और सत्कार कानून को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार कानून बनने के बाद निकाली जा रही मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की शुकराना यात्रा गुरुवार को बठिंडा पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में सिख संगतों और आम लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। जगह-जगह फूल बरसाए गए और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए बिना नाम लिए भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल सांप्रदायिकता को बढ़ावा देकर समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब हमेशा भाईचारे, शांति और आपसी सद्भाव की धरती रहा है और यहां के लोगों को ऐसी ताकतों से सतर्क रहने की जरूरत है जो लोगों को बांटने की राजनीति करती हैं। भाजपा के सत्ता में आने के बाद हालात बिगड़े
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के कुछ राज्यों में सांप्रदायिक माहौल को बढ़ावा देकर लोगों के बीच दूरी पैदा की जा रही है। उन्होंने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में आने के बाद हालात बिगड़ गए हैं। हालांकि उन्होंने किसी नेता का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को राजनीतिक हमला माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि वह आज बठिंडा में अकाल पुरख का शुक्राना करने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि परमात्मा की कृपा और लोगों के समर्थन से उनकी सरकार जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार कानून बनाने में सफल रही। मुख्यमंत्री ने इसे पंजाब की धार्मिक भावनाओं और सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया। बेअदबी की घटनाओं पर सख्त सरकार
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार हमेशा पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत की रक्षा के लिए काम करती रहेगी। लोगों की आस्था और धार्मिक भावनाओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से यह कानून बनाया गया है ताकि भविष्य में बेअदबी जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। यात्रा मार्ग पर भी भारी भीड़ देखने को मिली। शुक्राना यात्रा को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं में भी भारी उत्साह दिखाई दिया। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के समर्थन में नारे लगाए और सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया।
राजनीतिक हलकों में मुख्यमंत्री के बयान को लेकर चर्चा तेज हो गई है। एक तरफ सरकार इसे सामाजिक एकता और धार्मिक सम्मान से जोड़कर पेश कर रही है, वहीं विपक्ष इसे राजनीतिक बयानबाजी बता रहा है। फिलहाल मुख्यमंत्री की शुक्राना यात्रा पंजाब के विभिन्न जिलों में जारी है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
