मुंबई। मुंबई के घाटकोपर इलाके में बुधवार तड़के भारी बारिश के बीच बड़ा भूस्खलन हो गया। पहाड़ का एक हिस्सा टूटकर चिराग नगर स्थित गौसिया चॉल पर जा गिरा, जिसकी चपेट में आने से कई लोग मलबे में दब गए। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि छह से आठ लोगों के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है। भूस्खलन की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, एनडीआरएफ और अन्य राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
भारी बारिश के बीच हुआ हादसा
मुंबई में पिछले कुछ समय से भारी बारिश का दौर जारी है। माना जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण पहाड़ी का हिस्सा कमजोर हुआ और अचानक भूस्खलन हो गया। पहाड़ का मलबा सीधे चॉल पर गिरने से वहां रहने वाले कई लोग इसकी चपेट में आ गए।
दो शव बरामद, घायलों का इलाज जारी
बीएमसी के अनुसार, हादसे में दो लोगों के शव बरामद कर अस्पताल पहुंचाए गए हैं। दो घायलों की भी पहचान हुई है, जिनमें 18 वर्षीय सोहेल अंसारी और 14 वर्षीय मोहम्मद अंसारी शामिल हैं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
मलबे में छह से आठ लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। मौके पर एंबुलेंस भी तैनात की गई हैं, ताकि रेस्क्यू किए जाने वाले घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सके।
प्रशासन की टीमें मलबा हटाने और संभावित रूप से फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
