टेलीविजन और फिल्म जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। बीआर चोपड़ा की लोकप्रिय टीवी सीरीज ‘महाभारत’ में कर्ण का प्रतिष्ठित किरदार निभाने वाले वेटरन एक्टर पंकज धीर का 68 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, अभिनेता लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे।
उनके करीबी दोस्त और CINTAA (सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन) के सदस्य अमित बहल ने अभिनेता की मृत्यु की पुष्टि की है। CINTAA ने एक बयान जारी कर बताया कि पंकज धीर का निधन 15 अक्टूबर को हुआ। उनका अंतिम संस्कार आज शाम 4.30 बजे मुंबई के विले पार्ले में किया जाएगा। पंकज धीर CINTAA के पूर्व जनरल सेक्रेटरी भी रहे थे।
दोबारा लौटा था कैंसर: सूत्रों के अनुसार, पंकज धीर पहले कैंसर से जंग जीत चुके थे, लेकिन बीते कुछ महीनों में यह बीमारी दोबारा लौट आई, जिससे उनकी हालत नाजुक हो गई थी। बीमारी के कारण उन्हें एक बड़ी सर्जरी से भी गुजरना पड़ा, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनकी मौत की खबर से टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। फैंस और सहकर्मी नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
कर्ण के रोल से मिली थी अपार प्रसिद्धि: पंकज धीर को 1988 में प्रसारित हुए बीआर चोपड़ा के ‘महाभारत’ में कर्ण के किरदार से अपार प्रसिद्धि मिली थी। जिस संजीदगी से उन्होंने इस किरदार को निभाया, वह आज भी यादगार है। एक दिलचस्प किस्से में, पंकज ने खुलासा किया था कि शुरुआत में उन्होंने अर्जुन के रोल के लिए ऑडिशन दिया था, लेकिन मूंछें हटाने से इनकार करने के कारण यह रोल फिरोज खान को मिल गया था। बाद में बीआर चोपड़ा ने उन्हें कर्ण के रोल के लिए चुना।
फ़िल्मों और शो में भी किया काम: पंकज धीर ने ‘चंद्रकांता’ और ‘द ग्रेट मराठा’ जैसे माइथोलॉजिकल शोज के अलावा कई हिंदी फिल्मों में भी काम किया। वह ‘सोल्जर’, ‘बादशाह’ और ‘सड़क’ जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय के लिए जाने जाते हैं।
परिवार: पंकज धीर अपने पीछे पत्नी अनीता धीर और बेटे निकितिन धीर को छोड़ गए हैं। उनके बेटे निकितिन धीर भी जाने-माने अभिनेता हैं, जिन्हें ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ में थंगाबली के रोल और हाल ही में ‘श्रीमद रामायण’ में रावण के किरदार के लिए जाना जाता है। निकितिन की पत्नी, कृतिका सेंगर भी टेलीविजन अभिनेत्री हैं।





