पिछले 24 घंटों में हुई मूसलाधार बारिश ने दिल्ली-एनसीआर की रफ्तार थाम दी। लगातार हुई तेज वर्षा के कारण राजधानी और आसपास के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार कई स्थानों पर 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है।
दिल्ली में सबसे अधिक तुकमीरपुर-खजूरी क्षेत्र में 160 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मयूर विहार में 103 मिमी, दिल्ली विश्वविद्यालय में 90 मिमी, महरौली में 86 मिमी, पूसा और लोदी रोड AWS में 83-83 मिमी, लोदी रोड में 80 मिमी, रिज में 78 मिमी, सफदरजंग में 73 मिमी और पालम में 63 मिमी वर्षा दर्ज की गई। राजधानी के कई निचले इलाकों में जलभराव के कारण सड़कें तालाब जैसी नजर आईं।
दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के अन्य शहरों में भी भारी बारिश हुई। गाजियाबाद के कमला नेहरू नगर में सबसे अधिक 164 मिमी और हिंडन में 134 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं ग्रेटर नोएडा के टांडा क्षेत्र में 62 मिमी, जबकि गुरुग्राम के केवीके में 36 मिमी और नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी क्षेत्र में 27 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
भारी बारिश के चलते कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव हो गया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। निचले इलाकों में पानी भरने से दैनिक जीवन भी प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून अभी सक्रिय बना हुआ है और आने वाले दिनों में भी रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में प्रशासन को सतर्क रहने और नागरिकों से आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
