जौनपुर में गूंजा ‘खेत बचाओ अभियान’, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किया जागरूक…

Uttarakhand

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी “खेत बचाओ अभियान” के तहत सोमवार को टिहरी जनपद के जौनपुर क्षेत्र स्थित बाण्डासारी में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि एवं टिहरी जनपद के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया और किसानों को आधुनिक, वैज्ञानिक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी का ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की और कृषि क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कृषि मंत्री ने कहा कि खेती और किसानों को सशक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि कृषि भूमि का संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखना और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से उत्पादन बढ़ाना वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि “खेत बचाओ अभियान” केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि कृषि योग्य भूमि को सुरक्षित रखने और किसानों को जागरूक करने का एक बड़ा जनआंदोलन है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र में कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं, जिनका लाभ देशभर के करोड़ों किसानों को मिल रहा है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार भी किसानों की आय बढ़ाने, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

किसानों को मिला मोटर मार्ग का तोहफा

कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री ने पंतवाड़ी क्षेत्र में किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने खेतों तक पहुंचने के लिए मोटर मार्ग निर्माण की मांग रखी। इस पर मंत्री ने लगभग 1.5 से 2 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस सड़क के बनने से किसानों को अपने कृषि उत्पादों के परिवहन में सुविधा मिलेगी और कृषि गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

सेब बागानों और क्लस्टर खेती की सराहना

कृषि मंत्री ने अति सघन बागवानी योजना के अंतर्गत विकसित किए गए एक किसान के सेब बगीचे का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में फलोत्पादन किसानों की आय बढ़ाने का सशक्त माध्यम बन रहा है। उन्होंने जौनपुर क्षेत्र में किसानों द्वारा अपनाई जा रही क्लस्टर आधारित खेती की भी प्रशंसा की और इसे भविष्य की कृषि व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया।

प्राकृतिक खेती को लेकर किया जागरूक

कार्यक्रम में किसानों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि और रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने, जल संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल कृषि तकनीकों की जानकारी दी। इस अवसर पर धनौल्टी विधायक प्रीतम पंवार, प्रमुख सीता पंवार, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *