पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने तीन अमृत सरोवरों का किया उद्घाटन, जल संरक्षण और ग्रामीण विकास को मिलेगा बढ़ावा

Haryana

हरियाणा के सोनीपत में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बुधवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान तीन नए अमृत सरोवरों का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं के माध्यम से जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास को नई गति देने का लक्ष्य रखा गया है। उद्घाटन किए गए अमृत सरोवरों में भाखरपुर का पीर वाला तालाब, दातौली का पावर हाउस वाला तालाब और बली कुतुबपुर का लाला वाला तालाब शामिल हैं। इन तीनों तालाबों के निर्माण और सौंदर्यीकरण पर कुल 88.34 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।

इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नारायणगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम के जरिए प्रदेशभर में लगभग 2.22 अरब रुपये की लागत से विकसित 325 अमृत सरोवरों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला मुख्यालयों पर भी किया गया। मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि अमृत सरोवर मिशन के तहत पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण और पुनर्जीवन किया जा रहा है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ जल उपलब्ध होगा और ग्रामीण क्षेत्रों का पर्यावरण भी बेहतर बनेगा।

मंत्री ने बताया कि हरियाणा में अब तक 604 अमृत सरोवरों का निर्माण और पुनर्जीवन किया जा चुका है। प्रदेश में करीब 19 हजार तालाब हैं, जिनमें बड़ी संख्या में तालाबों के पुनरोद्धार की आवश्यकता है। सरकार ने पहले चरण में 2200 तालाबों के जीर्णोद्धार का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान जल संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि अमृत सरोवरों को केवल सुंदर नहीं बनाया जा रहा, बल्कि उन्हें आधुनिक सुविधाओं से भी लैस किया जा रहा है। इसके तहत डी-सिल्टिंग, रिटेनिंग वॉल, पैदल पथ, स्ट्रीट लाइट, पौधरोपण, बैठने के लिए बेंच और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों से तालाबों से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं और स्वीकृतियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए ताकि योजनाओं का लाभ जल्द से जल्द ग्रामीणों तक पहुंच सके।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री ने तालाबों की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भी संकेत दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, बैंक घोटाले में अधिकारियों की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि वर्ष 2018 के बाद हरियाणा में अपराध के मामलों में कमी आई है और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *