सिरसा: हरियाणा के सिरसा जिले के वैदवाला गांव में बुधवार को हाईटेंशन बिजली लाइन के टावरों के लिए कम मुआवजा दिए जाने के विरोध में किसानों ने अनोखा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान किसान नेता भूपेंद्र सिंह सबसे पहले बिजली के हाईटेंशन टावर पर चढ़ गए। उनके बाद एक दिव्यांग युवक सहित कई अन्य किसान भी टावर पर चढ़ गए, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
किसानों का आरोप है कि उनके खेतों से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन और लगाए गए टावरों के लिए सरकार द्वारा निर्धारित मुआवजा पर्याप्त नहीं है। उनका कहना है कि प्रदेश के अन्य जिलों, विशेषकर सोनीपत में किसानों को अधिक मुआवजा दिया गया है, जबकि सिरसा के किसानों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। इसी मांग को लेकर किसानों ने विरोध प्रदर्शन शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया। डीएसपी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और किसानों को शांतिपूर्वक नीचे उतारने तथा स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। वहीं बिजली निगम की तकनीकी टीम और कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे, लेकिन प्रदर्शन कर रहे किसानों ने विरोध जताते हुए उन्हें टावर पर चढ़ने से रोकने की बात कही।
ग्रामीणों के अनुसार, वैदवाला गांव के कृषि क्षेत्र से होकर एक बड़ी हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है, जिसके लिए कई स्थानों पर बिजली के टावर स्थापित किए गए हैं। सरकार ने टावरों के लिए मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की है, लेकिन किसानों का कहना है कि उन्हें बाजार दर और तय मानकों के अनुरूप मुआवजा नहीं मिल रहा है।
फिलहाल प्रशासन किसानों से बातचीत कर मामले का समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है। मौके पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
