सात दिन बाद घने जंगल से सकुशल मिली लापता युवती, ड्रोन, डॉग स्क्वाड और 50 CCTV की मदद से चला सर्च ऑपरेशन

Uttarakhand

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में करीब एक सप्ताह से लापता 28 वर्षीय युवती को पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने घने जंगल से सकुशल बरामद कर लिया। लगातार बारिश, दुर्गम पहाड़ी रास्तों और कठिन परिस्थितियों के बीच पांच दिनों तक चले व्यापक सर्च अभियान के बाद मंगलवार शाम सुंदरखाल के जंगल में युवती का पता लगाया गया। सुरक्षित रेस्क्यू के बाद उसे प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, रानीखेत के मजखाली निवासी गिरीश पुजारी ने 3 जुलाई को अपनी बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों के मुताबिक युवती 1 जुलाई की शाम घर से बिना बताए चली गई थी। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर खोजबीन शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पीएसी, डॉग स्क्वाड और वन विभाग की संयुक्त टीमों ने मजखाली, कालिका, दलमोटी, सुंदरखाल और बूबूधाम के जंगलों में लगातार कॉम्बिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जबकि दुर्गम इलाकों में तलाश के लिए ड्रोन कैमरों का भी सहारा लिया गया।

मंगलवार शाम संयुक्त टीम को सुंदरखाल गांव से लगभग चार किलोमीटर दूर घने जंगल में युवती सकुशल मिली। जंगल के कठिन रास्तों के कारण रेस्क्यू टीम ने युवती को स्ट्रेचर के सहारे करीब छह किलोमीटर पैदल मुख्य सड़क तक पहुंचाया। वहां से एंबुलेंस के जरिए उसे राजकीय चिकित्सालय रानीखेत ले जाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।

पुलिस ने बताया कि युवती सुरक्षित है और पूरे मामले की जांच जारी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह जंगल तक कैसे पहुंची और इतने दिनों तक वहां किन परिस्थितियों में रही। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *