एचपीयू के 57वें स्थापना दिवस पर डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन

Himachal Pradesh

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के 57वें स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विश्वविद्यालय परिसर में अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी और कहा कि बदलते समय के साथ उच्च शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ना बेहद जरूरी है।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी शुरू होने से विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को अध्ययन और शोध के लिए आधुनिक संसाधन उपलब्ध होंगे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार उच्च शिक्षा संस्थानों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शोध सुविधाएं मिल सकें।

कार्यक्रम में शिमला शहरी के विधायक हरीश जनारथा, उपायुक्त अनुपम कश्यप, एचपीयू के कुलपति प्रो. महावीर सिंह, विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में पूर्व छात्र मौजूद रहे। इस दौरान विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की गई।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, नई डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से छात्रों और शोधार्थियों को ई-जर्नल, ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, शोध पत्र और अन्य डिजिटल संसाधनों तक आसान पहुंच मिलेगी। इससे शोध कार्यों को नई गति मिलने के साथ शिक्षा व्यवस्था और अधिक आधुनिक बनेगी।

इसी दौरान स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर विश्वविद्यालय में कथित अवैध शिक्षक नियुक्तियों की जांच, छात्र संघ चुनाव बहाल करने, रिक्त शिक्षकीय पद भरने और छात्रावास व पुस्तकालय सुविधाओं के विस्तार की मांग उठाई। वहीं, विश्वविद्यालय के गैर शिक्षण कर्मचारियों ने भी रिक्त पदों पर भर्ती, लंबित एरियर के भुगतान और सेवा संबंधी मामलों के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *