राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 150 से अधिक संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस का दावा है कि इनमें कुछ लोग छात्रों के भेष में प्रदर्शन स्थल की ओर जा रहे थे। जांच के दौरान कुछ संदिग्धों के बैग से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई हैं।
पुलिस के अनुसार, दक्षिण और दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि कुछ लोग छात्र बनकर जंतर-मंतर पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं और उनका उद्देश्य प्रदर्शन की आड़ में कानून-व्यवस्था प्रभावित करना हो सकता है। इसके बाद बदरपुर, सनलाइट कॉलोनी, निजामुद्दीन, लोधी कॉलोनी और लाजपत नगर समेत कई इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान बल्लभगढ़ निवासी नवीन वत्स और सौरभ नामक दो युवकों को बदरपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान उनके बैग से पिस्टल और चाकू बरामद किए गए। इसके अलावा अन्य संदिग्धों के बैग से स्प्रे, पत्थर और कुछ अन्य आपत्तिजनक सामग्री मिलने का भी दावा किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुछ आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में व्हाट्सएप चैट भी मिली हैं, जिनमें कथित तौर पर जंतर-मंतर तक सामान पहुंचाने और छात्र बनकर प्रदर्शन में शामिल होने जैसी बातें लिखी गई हैं। इन मोबाइल फोन को अब फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है, ताकि पूरे नेटवर्क और संभावित साजिश का पता लगाया जा सके।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों में कुछ जामिया नगर, शाहीन बाग, सनलाइट कॉलोनी, फरीदाबाद और नोएडा के रहने वाले हैं। पूछताछ के दौरान कई लोगों ने प्रदर्शन में शामिल होने की बात स्वीकार की है। वहीं, जिन छात्रों के खिलाफ कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली, उन्हें समझाइश देकर वापस भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस नजदीक होने के कारण राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत 112 पर पुलिस को दें। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
