शिमला: एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की ताजा रिपोर्ट में उत्तर भारत के मुख्यमंत्रियों की घोषित संपत्तियों का विश्लेषण सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू उत्तर भारत के सबसे अधिक संपत्ति वाले मुख्यमंत्री हैं। उनकी घोषित कुल संपत्ति ₹7.81 करोड़ है, जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ₹5.80 करोड़ की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
ADR की रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर करीब ₹22 लाख की देनदारी है। वह पोस्ट ग्रेजुएट हैं और उनकी वार्षिक आय लगभग ₹17 लाख बताई गई है। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि उनके खिलाफ चार आपराधिक मामले दर्ज हैं और सभी मामले फिलहाल लंबित हैं।
सूची में तीसरे स्थान पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हैं, जिनकी घोषित कुल संपत्ति ₹5.31 करोड़ है। उन पर लगभग ₹1.20 करोड़ की देनदारी है। वह ग्रेजुएट प्रोफेशनल हैं और पेशे से अधिवक्ता हैं। वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषित संपत्ति ₹4.64 करोड़ और देनदारी करीब ₹47 लाख है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषित संपत्ति ₹1.54 करोड़ है, जबकि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की कुल संपत्ति ₹1.46 करोड़ बताई गई है। रिपोर्ट में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को ग्रेजुएट बताया गया है। उनकी वार्षिक आय करीब ₹13 लाख है और उन पर लगभग ₹74 लाख की देनदारी है। रिपोर्ट के अनुसार, उनके खिलाफ कोई भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
ADR की रिपोर्ट में मुख्यमंत्रियों की घोषित संपत्तियों के साथ उनकी देनदारियों, शैक्षणिक योग्यता, वार्षिक आय और लंबित आपराधिक मामलों का भी विश्लेषण किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, आपराधिक मामलों के मामले में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू उत्तर भारत के अन्य मुख्यमंत्रियों की तुलना में सबसे ऊपर हैं, जबकि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के खिलाफ एक मामला दर्ज है और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के खिलाफ कोई आपराधिक मामला नहीं है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
