अमृतसर: पंजाब के यात्रियों के लिए हवाई यात्रा अब पहले से कहीं अधिक सुविधाजनक होने जा रही है। एयर इंडिया ने श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, अमृतसर से ‘ईजी कनेक्ट’ सेवा की शुरुआत कर दी है। इस नई सुविधा के तहत यात्री दिल्ली के माध्यम से 27 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक आसानी से यात्रा कर सकेंगे। यह सेवा केंद्र सरकार के हब-एंड-स्पोक मॉडल के तहत शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य देश के प्रमुख शहरों को वैश्विक हवाई नेटवर्क से बेहतर तरीके से जोड़ना है।
इस सेवा के शुभारंभ पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने वीडियो संदेश जारी कर इसे देश के विमानन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस पहल से पंजाब की अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और पर्यटन, व्यापार तथा सांस्कृतिक संबंधों को भी नई गति मिलेगी।
नई व्यवस्था के तहत अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को बड़ा फायदा मिलेगा। अब यात्री अमृतसर एयरपोर्ट पर ही अपने अंतिम अंतरराष्ट्रीय गंतव्य तक के लिए चेक-इन और इमिग्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। इसके बाद दिल्ली पहुंचने पर उन्हें दोबारा बैगेज चेक-इन कराने या टर्मिनल बदलने की आवश्यकता नहीं होगी। यात्री सीधे अंतरराष्ट्रीय ट्रांजिट के जरिए अपनी अगली उड़ान पकड़ सकेंगे, जिससे समय और परेशानी दोनों की बचत होगी।
एयर इंडिया अमृतसर से दिल्ली के लिए प्रतिदिन दो उड़ानें संचालित करेगी। पहली उड़ान AI-1113 सुबह 9:10 बजे अमृतसर से रवाना होकर 10:40 बजे दिल्ली पहुंचेगी। दूसरी उड़ान AI-1115 रात 10:00 बजे उड़ान भरेगी और 11:20 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इन दोनों उड़ानों के माध्यम से यात्री दिल्ली पहुंचने के चार घंटे के भीतर विभिन्न अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से आसानी से जुड़ सकेंगे।
इस सेवा के जरिए यात्रियों को लंदन, बर्मिंघम, पेरिस, फ्रैंकफर्ट, रोम, एम्स्टर्डम, न्यूयॉर्क, शिकागो, टोरंटो, वैंकूवर, सैन फ्रांसिस्को, मेलबर्न, सिडनी, सिंगापुर, दुबई, बाली और फुकेत सहित कुल 27 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। एयर इंडिया के अधिकारियों के अनुसार, आने वाले समय में अहमदाबाद, गोवा और कोच्ची समेत अन्य शहरों से भी ‘ईजी कनेक्ट’ सेवा शुरू करने की योजना है। साथ ही अगले दो महीनों में अमृतसर के लिए अंतरराष्ट्रीय से घरेलू उड़ानों के ट्रांजिट की सुविधा भी इसी मॉडल के तहत उपलब्ध कराई जाएगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
