उत्तरकाशी: लगातार हो रही भारी बारिश के बीच उत्तरकाशी जिले के स्यानाचट्टी में हालात चिंताजनक बने हुए हैं। बुधवार को कुपड़ा खड्ड में अचानक भारी मात्रा में मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर बहकर आने से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। तेज बहाव के चलते निर्माणाधीन बैली ब्रिज और आसपास का इलाका भी खतरे की जद में आ गया है।
लगातार बारिश के कारण खड्ड का जलस्तर तेजी से बढ़ा, जिसके साथ चट्टानें, बोल्डर और मलबा नीचे की ओर बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने भयावह मंजर देखा और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ा दी गई है।
इधर, भारी बारिश के कारण मंगलवार सुबह बंद हुआ यमुनोत्री हाईवे करीब 30 घंटे बाद दोपहर में वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) और प्रशासन की टीमों ने मशीनों की मदद से लगातार मलबा हटाकर मार्ग को बहाल किया, जिसके बाद रास्ते में फंसे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
हालांकि, कुपड़ा खड्ड में लगातार मलबा और बोल्डरों का बहाव जारी रहने से प्रशासन की चिंता अभी भी बनी हुई है। निर्माणाधीन बैली ब्रिज पर खतरा मंडराने के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों और यमुनोत्री धाम की यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। बारिश का दौर जारी रहने के कारण संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
