दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान रिश्वत की पेशकश ठुकराने वाले एसआई रोहताश ने न सिर्फ आरोपी को पकड़वाया, बल्कि उगाही की कोशिश का पर्दाफाश भी कर दिया।
रिश्वत देने की कोशिश, लेकिन SI ने नहीं छोड़ा ईमानदारी का साथ
मामला दिल्ली के मंडी हाउस सर्किल का है, जहां तिलक मार्ग सर्किल में तैनात एसआई रोहताश शनिवार सुबह नियमित चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक व्यावसायिक ईको कार को जांच के लिए रोका।
कार चालक की पहचान पूर्वी दिल्ली के कृष्ण नगर निवासी मोहम्मद असद (24) के रूप में हुई। जब एसआई ने उससे वाहन के दस्तावेज और नो-एंट्री परमिशन मांगी, तो आरोपी कोई वैध कागजात नहीं दिखा सका। आरोप है कि इसके बाद उसने पुलिसकर्मी को रिश्वत देने की कोशिश की।
हालांकि, एसआई रोहताश ने रिश्वत लेने से साफ इनकार कर दिया और नियमों के अनुसार कार्रवाई शुरू कर दी।
स्पाई कैमरे से रिकॉर्डिंग कर रहा था आरोपी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी बार-बार अपनी घड़ी के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। जांच में पता चला कि घड़ी में स्पाई कैमरा और स्पीकर लगा हुआ था। आरोपी कथित तौर पर यह रिकॉर्ड करने की कोशिश कर रहा था कि पुलिसकर्मी रिश्वत मांग रहा है।
जब एसआई रोहताश आरोपी को थाने ले जाने लगे, तब उसने रिकॉर्डिंग का डर दिखाकर मामला दबाने की कोशिश की।
रिकॉर्डिंग डिलीट करने के बदले मांगे दो लाख रुपये
आरोप है कि मोहम्मद असद ने एसआई से कहा कि उसकी रिकॉर्डिंग हो चुकी है और वीडियो डिलीट करने के बदले दो लाख रुपये देने होंगे। इसके बाद एसआई रोहताश ने तुरंत तिलक मार्ग थाने में शिकायत दर्ज कराई।
दिल्ली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी ईको कार जब्त कर ली। पुलिस ने आरोपी को बाउंड डाउन भी किया है।
आरोपी पर पहले से 35 से ज्यादा चालान लंबित
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के वाहन पर पहले से 35 से अधिक चालान लंबित हैं। अधिकारियों को शक है कि आरोपी पहले भी इसी तरह पुलिसकर्मियों को फंसाकर उगाही कर चुका हो सकता है।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी किसी संगठित उगाही गिरोह से जुड़ा है या नहीं।
सोशल मीडिया पर SI रोहताश की हो रही तारीफ
घटना सामने आने के बाद सोशल media पर लोग एसआई रोहताश की जमकर सराहना कर रहे हैं। लोग इसे खाकी की सच्ची ईमानदारी और पुलिस सेवा की सकारात्मक तस्वीर बता रहे हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
