जनगणना 2027 के अंतर्गत चल रहे हाउस लिस्टिंग और सर्वे कार्य की प्रगति की समीक्षा कलेक्ट्रेट सभागार में जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी अमित कुमार की अध्यक्षता में की गई। बैठक में उन्होंने सभी तहसीलदारों को निर्देश दिए कि कार्य की नियमित और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण और समयबद्ध कार्यक्रम है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एडीएम ने निर्देशित किया कि गणनाकारों की उपस्थिति, कार्य प्रगति और सर्वेक्षण की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए। साथ ही हाउस लिस्टिंग से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए तय समयसीमा में लक्ष्य पूरे किए जाएं।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक तहसील से प्रतिदिन कम से कम 1000 किसान आईडी तैयार की जाएं और इसके लिए लेखपालों सहित राजस्व कर्मियों को सक्रिय रूप से लगाया जाए।
मानव श्रृंखला बनाकर दिया तंबाकू छोड़ने का संदेश
बहराइच में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से डॉ. संजय कुमार की अध्यक्षता में हस्ताक्षर अभियान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने मानव श्रृंखला बनाकर लोगों को तंबाकू से दूर रहने का संदेश दिया और शपथ ली। सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने बताया कि भारत में हर साल लाखों लोग तंबाकू जनित बीमारियों के कारण अपनी जान गंवाते हैं। उन्होंने कहा कि कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की बीमारियों से बचाव के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। कार्यक्रम में तंबाकू नियंत्रण अधिनियम (COTPA) की जानकारी भी दी गई, जिसमें सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंधित है और शैक्षणिक संस्थानों के पास तंबाकू बिक्री पर रोक है।
“सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्य” विषय पर हुआ आयोजन
बहराइच में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर संजीवनी लॉ कॉलेज, कीर्तनपुर में पोक्सो एक्ट 2012 पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि यह कानून बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा प्रदान करता है और 18 वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों पर लागू होता है। कार्यक्रम में बच्चों के अधिकार, साइबर सुरक्षा, गुड टच-बैड टच और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों के साथ संवाद बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की।
देवी अहिल्याबाई होलकर जयंती कार्यक्रम में लेंगे हिस्सा
उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग राज्य आयोग के उपाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल 2 जून को बहराइच पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11 बजे पहुंचकर लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे और दोपहर 3 बजे रामपुर के लिए रवाना होंगे।
दो पालियों में होगी परीक्षा, प्रशासन ने की पूरी तैयारी
जिले में 3 और 4 जून को टीजीटी की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए 7 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा दो पालियों में होगी—
- पहली पाली: सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक
- दूसरी पाली: दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक
जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं।
अतिरिक्त भुगतान की वसूली भू-राजस्व की तरह की जाएगी
वरिष्ठ कोषाधिकारी नरोत्तम शरण ने बताया कि कई मामलों में पेंशनर की मृत्यु के बाद भी परिवार द्वारा सूचना नहीं दी जाती, जिससे अतिरिक्त भुगतान हो जाता है। उन्होंने कहा कि यह परिवार की नैतिक और कानूनी जिम्मेदारी है कि वे तुरंत कोषागार को सूचना दें। चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि सूचना नहीं दी गई तो अतिरिक्त राशि की वसूली बैंक के माध्यम से या भू-राजस्व की तरह की जाएगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
