बुलंदशहर में चैंबर विवाद ने लिया हिंसक रूप, वकीलों के दो गुटों में फायरिंग…

Uttarpradesh

बुलंदशहर। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में सोमवार सुबह चैंबर विवाद को लेकर अधिवक्ताओं के दो गुटों के बीच तनाव उस समय हिंसक झड़प में बदल गया, जब कथित तौर पर फायरिंग कर दी गई। इस घटना में कांग्रेस जिलाध्यक्ष जिया-उर्र-रहमान के पिता और वरिष्ठ अधिवक्ता इमामुद्दीन तथा उनके साले रऊफ गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बाद में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

चैंबर को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, विवाद जिला बार एसोसिएशन के एक चैंबर के आवंटन को लेकर शुरू हुआ। अधिवक्ता इमामुद्दीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पिछले 30 वर्षों से जिला एवं सत्र न्यायालय में वकालत कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अधिवक्ता सलीम अख्तर के निधन के बाद उनकी पत्नी आयशा बेगम ने चैंबर नंबर-272, एन ब्लॉक, कलक्ट्रेट परिसर स्थित चैंबर को उनके नाम ट्रांसफर कराने के लिए बार एसोसिएशन कार्यालय में अनापत्ति प्रमाण पत्र जमा कराया था। इसके बाद सभी विधिक प्रक्रियाएं पूरी होने के पश्चात डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने उक्त चैंबर उनके नाम आवंटित कर दिया।

ताला तोड़ने की सूचना पर पहुंचे थे अधिवक्ता

घटना सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। अधिवक्ता इमामुद्दीन के मुताबिक उन्हें सूचना मिली कि डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव अपने आठ-दस साथियों के साथ चैंबर का ताला तोड़ रहे हैं।

सूचना मिलते ही वह अपने साले रऊफ के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद लोगों ने दोनों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घायल अधिवक्ताओं को किया गया रेफर

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और अन्य अधिवक्ताओं की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों को जांघ और पैर में गोली लगी है। फिलहाल उनका इलाज जारी है और हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने गठित की पांच टीमें

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है। एसएसपी ने कहा कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। न्यायालय परिसर में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

बार एसोसिएशन में तनाव का माहौल

घटना के बाद जिला बार एसोसिएशन परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है। अधिवक्ताओं के बीच इस घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है। कई वकीलों ने न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *