रिपोर्ट: राधेश्याम मिश्र
श्रावस्ती में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई एसपी राहुल भाटी के निर्देश पर चल रहे “ऑपरेशन क्लीन” के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना इकौना क्षेत्र के भंगहा जंगल के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा।
घायल आरोपी की पहचान संजय लोनिया के रूप में हुई है, जो जनपद सीतापुर का निवासी है। उस पर विभिन्न थानों में चोरी और नकबजनी के 30 से अधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। इकौना क्षेत्र में भी कई वारदातों में उसकी संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मौके पर एसपी राहुल भाटी सहित अन्य अधिकारियों ने पहुंचकर निरीक्षण किया।
एसपी ने बताया कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई गई है और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत 112 पर दें।
इस कार्रवाई में थाना इकौना पुलिस, सर्विलांस सेल और एसओजी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम को नगद पुरस्कार देने की भी घोषणा की गई है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
