राजधानी देहरादून के पिट्ठूवाला स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान में परीक्षा के दौरान एक गंभीर विवाद सामने आया है। नकल रोकने की कोशिश शिक्षकों को भारी पड़ गई, जब एक छात्र ने अपने पुलिसकर्मी पिता को बुला लिया और आरोप है कि इसके बाद परीक्षा नियंत्रण कक्ष में जमकर हंगामा और मारपीट हुई।
संस्थान के शिक्षकों के अनुसार, सिविल इंजीनियरिंग फाइनल ईयर का एक छात्र परीक्षा के दौरान नकल करते हुए पकड़ा गया। जब ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों ने उसे रोका, तो छात्र ने परीक्षा अधूरी छोड़ दी और वहां से चला गया। आरोप है कि 5 जून को छात्र अपने पिता दरोगा महेश कंडवाल, मामा और कुछ महिलाओं के साथ दोबारा संस्थान पहुंचा।
बताया जा रहा है कि सभी लोग सीधे परीक्षा नियंत्रण कक्ष में घुस गए और वहां मौजूद शिक्षकों, कर्मचारियों तथा महिला स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया।
मारपीट और धमकी के आरोप
शिक्षकों का कहना है कि परिजनों ने गाली-गलौज करते हुए कुर्सियों से मारपीट की।
इतना ही नहीं, जब कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की, तो उन्हें भी धमकाया गया। इस घटना के बाद संस्थान में दहशत और तनाव का माहौल बन गया है। दरोगा ने आरोपों को बताया निराधार वहीं, दरोगा महेश कंडवाल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
उन्होंने उल्टा शिक्षकों पर ही अपने बेटे के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है और कहा कि उनके परिवार के साथ भी दुर्व्यवहार हुआ।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है।
मामले में क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।इस घटना के बाद शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा और परीक्षा के दौरान अनुशासन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
शिक्षकों ने इस तरह की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
