अंबाला: हरियाणा के अंबाला जिले में पंजाब सीमा के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सरसिनी गांव के समीप एक अनियंत्रित पिकअप वाहन की निजी बस से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की चपेट में आए एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 11 मजदूर घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक बाइक चालक के पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला है। इसी कारण फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है और मामले की जांच कर रही है।
घायल सभी मजदूर पंजाब के लालडू क्षेत्र में किराये के मकानों में रहते हैं और एक धागा फैक्टरी में कार्यरत हैं। रात की शिफ्ट पूरी करने के बाद वे निजी बस से अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घायलों की पहचान आशीष, सचिन, मनोज, बलवंत, विनोद, धर्मेंद्र पासवान, राजेंद्र, विकास, बलविंदर कुमार, ओम प्रकाश और समीर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और संबंधित वाहन चालकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
