देहरादून: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को देहरादून पहुंच गए। एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। राहुल गांधी यहां आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों को संबोधित करने के साथ-साथ उनसे सीधा संवाद भी करेंगे। कार्यक्रम को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
आयोजकों के अनुसार, इस संवाद कार्यक्रम के लिए 2.5 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है। बड़ी संख्या में छात्रों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। स्टेज इस तरह तैयार किया गया है कि उस पर केवल राहुल गांधी मौजूद रहेंगे, जबकि छात्रों के लिए स्टैंडिंग व्यवस्था की गई है ताकि अधिक से अधिक लोग कार्यक्रम में शामिल हो सकें।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए कांग्रेस सेवादल की टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयोजन स्थल पर हेल्प डेस्क, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। साथ ही क्यूआर कोड भी लगाए गए हैं, जिससे छात्र जरूरत पड़ने पर अपना पंजीकरण सत्यापित कर सकें।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर छात्रों में जबरदस्त उत्साह है। हालांकि सुरक्षा और क्षमता को देखते हुए केवल पंजीकृत छात्रों को ही पंडाल में प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं इस तरह की गई हैं ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
राहुल गांधी अपने देहरादून दौरे के दौरान छात्रों से संवाद के अलावा प्रदेश कांग्रेस नेताओं के साथ भी बैठक करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी। ऐसे में उनका यह दौरा उत्तराखंड की राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
