उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा दर्ज की जा रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने एक बार फिर राज्य के कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार आज देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में अत्यंत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली समेत अन्य जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि 10 जुलाई के लिए भी मौसम की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उनके अनुसार नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर में अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि देहरादून, पौड़ी और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना के चलते ऑरेंज अलर्ट रहेगा।
प्रदेश के अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
डॉ. सीएस तोमर के अनुसार आने वाले दिनों में भी हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
