जालंधर: खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर हत्याकांड की जांच में कनाडा की संघीय पुलिस रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) ने कहा है कि अब तक की जांच में भारत सरकार या उसके किसी अधिकारी की प्रत्यक्ष भूमिका का कोई सबूत नहीं मिला है। इस बयान के बाद भारत और कनाडा के रिश्तों में सुधार की उम्मीद बढ़ गई है।
आरसीएमपी की डिप्टी कमिश्नर लीसा मोरलैंड ने बताया कि जांच के दौरान भारत सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग भी उपलब्ध कराया गया। वहीं, अमेरिका के न्याय विभाग ने इस मामले में अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके सहयोगी गोल्डी बराड़ के खिलाफ हत्या की साजिश रचने का मामला दर्ज किया है।
गौरतलब है कि सितंबर 2023 में तत्कालीन कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने निज्जर हत्याकांड में भारतीय एजेंटों की संभावित संलिप्तता का आरोप लगाया था। भारत ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया था। इसके बाद दोनों देशों के संबंधों में तनाव बढ़ा और राजनयिक स्तर पर कई कदम उठाए गए, जिससे वीजा सेवाएं और छात्र प्रभावित हुए।
विशेषज्ञों का मानना है कि आरसीएमपी के ताजा बयान के बाद दोनों देशों के बीच विश्वास बहाली की प्रक्रिया तेज हो सकती है। इसका सबसे बड़ा लाभ कनाडा जाने वाले भारतीय छात्रों, कारोबारियों और प्रवासी परिवारों को मिल सकता है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
