मंडी: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, हिमाचल प्रदेश में स्टाफ नर्स (जॉब ट्रेनी) के 71 पदों पर बैचवाइज भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए पात्र अभ्यर्थियों के नाम जिला रोजगार कार्यालय मंडी के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग को भेजे जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को 24 जुलाई 2026 तक अपना रोजगार पंजीकरण या नवीनीकरण कराना अनिवार्य होगा। जिन अभ्यर्थियों का पंजीकरण समाप्त हो चुका है, वे अपने नजदीकी रोजगार कार्यालय या eEMIS पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण या नवीनीकरण करा सकते हैं।
भर्ती के तहत अनारक्षित (UR) वर्ग के 28, ओबीसी के 13, अनुसूचित जाति (SC) के 13, यूआर-ईडब्ल्यूएस के 7, ओबीसी-बीपीएल के 3, एससी-बीपीएल के 3, एसटी के 2, एससी-डब्ल्यूएफएफ का 1 और यूआर-डब्ल्यूएफएफ का 1 पद निर्धारित किए गए हैं। चयन संबंधित श्रेणी के बैचवाइज आधार पर किया जाएगा।
रोजगार विभाग ने अभ्यर्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार न करने और समय रहते पंजीकरण अपडेट कराने की अपील की है। निर्धारित समय तक वैध पंजीकरण नहीं होने पर उम्मीदवारों के नाम स्वास्थ्य विभाग को प्रायोजित नहीं किए जाएंगे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
