हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान, चमियाना (शिमला) में अत्याधुनिक 3-टेस्ला एमआरआई मशीन का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से मरीजों को बेहतर, तेज और सटीक इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल, शिमला शहरी विधायक हरीश जनारथा, शिमला नगर निगम के मेयर सुरेंद्र चौहान सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
तीन महीने में शुरू होंगी ऑटोमेशन लैब
मुख्यमंत्री सुक्खू ने घोषणा की कि अगले तीन महीनों के भीतर चमियाना, आईजीएमसी शिमला, नेरचौक (मंडी), टांडा मेडिकल कॉलेज और हमीरपुर में अत्याधुनिक ऑटोमेशन लैब शुरू कर दी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इन प्रयोगशालाओं की स्थापना पर 125 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इन लैब्स के शुरू होने के बाद विभिन्न जांच रिपोर्टें अधिक सटीक और कम समय में उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे मरीजों के उपचार में तेजी आएगी।
विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं की ओर बढ़ रहा चमियाना अस्पताल
मुख्यमंत्री ने कहा कि चमियाना अस्पताल को लगातार अपग्रेड किया जा रहा है ताकि यहां विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ सेवाओं के माध्यम से प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का लक्ष्य है।
आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को सस्ती रोबोटिक सर्जरी
सीएम सुक्खू ने बताया कि चमियाना अस्पताल में आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए रोबोटिक सर्जरी मात्र 50 हजार रुपये में उपलब्ध कराई जा रही है। इसमें राज्य सरकार 65 हजार रुपये की सब्सिडी दे रही है।
अन्य मरीजों के लिए यह सुविधा 1.15 लाख रुपये में उपलब्ध है, जबकि निजी अस्पतालों और अन्य राज्यों में इसी तरह की सर्जरी पर 5 लाख रुपये तक का खर्च आता है।
पांच प्रमुख अस्पतालों में लगी एआई-सक्षम 3-टेस्ला एमआरआई
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के चमियाना, आईजीएमसी शिमला, टांडा मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर और मंडी में एआई-सक्षम 3-टेस्ला एमआरआई मशीनें स्थापित की जा चुकी हैं। वहीं नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भी यह सुविधा जल्द शुरू कर दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में संसाधनों की कोई कमी नहीं आने देगी और आधुनिक तकनीक के जरिए आम लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
