भारी बारिश और भूस्खलन के चलते चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित

Uttarakhand

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनज़र चारधाम यात्रा को अगले दो दिनों के लिए अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। गढ़वाल मंडल आयुक्त ने बताया कि यात्रा मार्ग कई जगह मलबा और भूस्खलन के कारण बाधित हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है। मौसम सामान्य होने और मार्ग सुरक्षित होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार और बुधवार के लिए उत्तराखंड के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी कई स्थानों पर तेज बारिश का अनुमान जताया गया है।

आईएमडी के फ्लैश फ्लड बुलेटिन के अनुसार अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चम्पावत, देहरादून, पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान मध्यम स्तर की फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने और आपदा प्रबंधन टीमों को तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।

मौसम विभाग ने लोगों और श्रद्धालुओं से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। साथ ही नदी-नालों के किनारे न जाने, पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने कहा है कि मौसम से जुड़े आधिकारिक अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखें।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में मानसून फिलहाल सक्रिय बना रहेगा और 2 अगस्त तक अधिकांश जिलों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। प्रशासन का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और मौसम में सुधार होने के बाद ही चारधाम यात्रा दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *