सिरसा जिले के खाजाखेड़ा गांव में 26 अप्रैल की रात हुए सनसनीखेज मर्डर केस में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। युवक सोनू की कार से कुचलकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि यह वारदात पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दी गई थी।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ताजा गिरफ्तारी अभय नाम के आरोपी की हुई है, जो जिला सिरसा के केलनियां गांव का रहने वाला है। उसे सिरसा क्षेत्र की बांदर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए सदर थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस शिवम यादव ने बताया कि मृतक सोनू के पड़ोसी सागर ने इस घटना की शिकायत दर्ज कराई थी। सागर के मुताबिक, करीब एक साल पहले एक शादी समारोह में मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। उसी पुरानी दुश्मनी को लेकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना वाली रात कुछ युवक पहले बाइक पर गांव में पहुंचे और इलाके की रेकी की। इसके करीब दो घंटे बाद आरोपी कार में सवार होकर आए और सीधे सोनू को निशाना बनाते हुए उस पर गाड़ी चढ़ा दी। इस हमले में सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सागर बाल-बाल बच गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने तुरंत टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था और अब छठे आरोपी को भी पकड़ लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जो भी व्यक्ति इस हत्या में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
