लुधियाना में अमेरिका की स्थायी नागरिकता (PR) दिलाने के नाम पर एक परिवार से 1 करोड़ 40 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। थाना सुधार पुलिस ने लंबी जांच के बाद एक बैंक मैनेजर और कई ट्रेवल एजेंटों समेत 6 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और इमिग्रेशन एक्ट की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
परिवार को अमेरिका बसाने का दिया था सपना
पीड़ित करमजीत सिंह, निवासी नई आबादी अकालगढ़ बाजार, सुधार, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सितंबर 2024 में उनकी मुलाकात सिमरन कौर और उसके साथियों से हुई थी। परिवार अमेरिका जाकर बसना चाहता था, जिसके लिए आरोपियों ने PR दिलाने का भरोसा दिया।
आरोपियों ने प्रति व्यक्ति 35 लाख रुपये के हिसाब से पूरे परिवार को अमेरिका भेजने का सौदा तय किया। इस तरह कुल 1 करोड़ 40 लाख रुपये में एग्रीमेंट किया गया।
नकद और बैंक ट्रांसफर से लिए करोड़ों रुपये
करमजीत सिंह के अनुसार, 11 सितंबर 2024 को आरोपी उनके घर पहुंचे और 5 लाख रुपये एडवांस के तौर पर लिए। इसके बाद जनवरी 2025 तक पीड़ित परिवार ने 81 लाख रुपये नकद और बाकी रकम बैंक ट्रांसफर के जरिए आरोपियों को दे दी।
पीड़ित ने बताया कि इस रकम का इंतजाम करने के लिए परिवार ने सोना गिरवी रखा, रिश्तेदारों से कर्ज लिया और जीवनभर की जमा पूंजी लगा दी।
फर्जी पासपोर्ट और वीजा दिखाकर किया विश्वास
शिकायत के मुताबिक, एग्रीमेंट के समय केवल करमजीत सिंह का पासपोर्ट वैध था। पत्नी और एक बेटे का पासपोर्ट एक्सपायर हो चुका था, जबकि दूसरे बेटे का पासपोर्ट बना ही नहीं था।
आरोपियों ने सभी दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर कुछ समय बाद वीडियो कॉल पर परिवार को अमेरिकी वीजा और पासपोर्ट दिखाए। शुरुआत में परिवार को सब कुछ सही लगा, लेकिन बाद में जांच कराने पर पता चला कि पत्नी और दोनों बेटों के पासपोर्ट और वीजा पूरी तरह फर्जी थे।
पैसे वापस मांगने पर धमकियां
जब पीड़ित परिवार को ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने आरोपियों से पैसे वापस मांगे। आरोप है कि आरोपी लगातार बहाने बनाते रहे। बाद में 49 लाख रुपये के चेक दिए गए, लेकिन सभी चेक बाउंस हो गए।
इसके अलावा आरोपियों ने 62 लाख रुपये की डीडी और 29 लाख रुपये खाते में जमा कराने की फर्जी बैंक स्टेटमेंट भी दिखाई। पीड़ित का कहना है कि उन्हें एक रुपया तक वापस नहीं मिला।
परिवार ने आरोप लगाया कि पैसे मांगने पर उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।
कौन-कौन हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार मामले में जिन लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है, उनमें सिमरन कौर, उसका पति बिक्रम सिंह, पिता कुलबीर सिंह, भाई अमनजोत सिंह, अगमजीत सिंह और चंडीगढ़ सेक्टर-9 स्थित HDFC बैंक का मैनेजर साहिल शामिल हैं। इसके अलावा ‘प्लैटिनम इंस्टीट्यूट्स’ नाम की ट्रेवल एजेंसी का भी नाम सामने आया है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
पंजाब पुलिस के ग्रामीण एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता ने बताया कि सभी छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच डीएसपी दाखा करन सिंह संधू को सौंपी गई है और जल्द गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित परिवार ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी गौरव यादव से न्याय की मांग की है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
