चमोली: बदरीनाथ धाम में सामने आए चढ़ावा हेराफेरी मामले की जांच अब नए और अहम चरण में पहुंच गई है। पुलिस ने आर्थिक पहलुओं पर भी फोकस बढ़ाते हुए आरोपियों की चल और अचल संपत्तियों की जांच शुरू करने की तैयारी कर ली है। यदि जांच में आय से अधिक संपत्ति या अवैध रूप से अर्जित संपत्ति के प्रमाण मिलते हैं, तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ अलग से कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच कई स्तरों पर जारी है। चढ़ावे से जुड़े अभिलेखों और वित्तीय दस्तावेजों की विशेषज्ञों की मदद से जांच कराई जा रही है। पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ रही है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि चढ़ावा गणना प्रक्रिया में अनियमितताएं कब से और किस स्तर तक होती रही हैं।
मामले को देखते हुए बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावा गणना कक्ष की सुरक्षा व्यवस्था भी पहले से अधिक मजबूत कर दी गई है। गणना कक्ष में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए शीशे की दीवार लगाई गई है, जबकि ऊपरी हिस्से में मजबूत लोहे की जाली लगाई गई है। इसके अलावा पूरे कक्ष में पांच सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके जरिए चढ़ावे की गणना के दौरान होने वाली हर गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
इस मामले में मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल की पुलिस कस्टडी रिमांड को लेकर शनिवार को न्यायालय में सुनवाई होनी है। पुलिस को उम्मीद है कि यदि रिमांड मिलती है तो पूछताछ के दौरान चढ़ावा हेराफेरी से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। वहीं, पहले से गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ भी जांच प्रक्रिया जारी है और पुलिस मामले से जुड़े अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
