हरियाणा सरकार ने सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता सुधारने और विद्यालय प्रबंधन समितियों (SMC) को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की है कि राज्य के प्रत्येक ब्लॉक की सर्वश्रेष्ठ विद्यालय प्रबंधन समिति को 10 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। यह राशि संबंधित स्कूल के विकास और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में खर्च की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘सच’ (School Assessment and Checking Hub – SACH) पोर्टल का भी शुभारंभ किया। इस डिजिटल पोर्टल के माध्यम से सरकारी स्कूलों और विद्यालय प्रबंधन समितियों के कार्यों का मूल्यांकन किया जाएगा। इसी आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समितियों का चयन कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
सरकार ने विद्यालय प्रबंधन समितियों के अधिकारों का भी विस्तार किया है। अब समितियां स्कूलों में पेयजल टैंक की मरम्मत, शौचालय, चहारदीवारी और अन्य छोटे विकास कार्यों के लिए एक लाख रुपये तक की राशि स्वयं खर्च कर सकेंगी। वहीं, यदि किसी बड़े विकास कार्य की आवश्यकता होगी तो अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) की मंजूरी के बाद 25 लाख रुपये तक की राशि खर्च की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रत्येक जिले के एक सरकारी स्कूल की विद्यालय प्रबंधन समिति से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने स्कूलों में स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, खेल सुविधाएं, विद्यार्थियों की संख्या, बोर्ड परीक्षा परिणाम, सुपर-100 और बुनियाद कार्यक्रम, आईआईटी और आईआईएम में चयन, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खेल उपलब्धियों, अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) और समिति की नियमित बैठकों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने सभी विद्यालयों में व्यापक पौधरोपण अभियान चलाने का आह्वान करते हुए छात्रों को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अधिकारियों को सरकारी स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने और शिक्षा व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
इस दौरान शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समितियां केवल निगरानी तक सीमित न रहें, बल्कि स्कूल प्रबंधन के साथ मिलकर शिक्षा की गुणवत्ता और छात्रों की सुविधाओं को बेहतर बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने इस वर्ष सरकारी स्कूलों के बेहतर बोर्ड परीक्षा परिणाम के लिए विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन समितियों को बधाई भी दी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
