सोनीपत : मानसून के आगमन को पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन से जोड़ते हुए हरियाणा में शनिवार को एक अनूठा अभियान चलाया गया। प्रदेश के 72 गांवों में एक साथ ‘मानसून अभिनंदन उत्सव’ आयोजित किया गया, जिसमें पौधरोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से जनभागीदारी को बढ़ावा दिया गया। मुख्य कार्यक्रम सोनीपत के बढ़खालसा कॉम्प्लेक्स से आयोजित हुआ, जहां से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी गांवों को जोड़ा गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए, जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ओएसडी वीरेंद्र बढ़खालसा मुख्य कार्यक्रम में मौजूद रहे। इस दौरान सभी 72 गांवों में एक ही समय पर पौधरोपण किया गया। ग्रामीण अपने गांवों, खेतों और सार्वजनिक स्थलों से ऑनलाइन जुड़कर इस पर्यावरण अभियान का हिस्सा बने।
अपने संबोधन में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने प्रत्येक नागरिक से जीवन में कम से कम 20 पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति का दायित्व है। यदि हर नागरिक इस दिशा में योगदान दे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
मनोहर लाल ने कहा कि यह अभियान आगे भी पूरे प्रदेश में लगातार जारी रहेगा और इसे जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने 72 गांवों की एक साथ भागीदारी को सराहनीय बताते हुए कहा कि यह समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक संकेत है। इस अवसर पर उन्होंने अमर शहीद दादा कुशाल सिंह दहिया को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बलिदानी दादा कुशाल सिंह दहिया पर्यावरण संरक्षण समिति की पहल की भी सराहना की।
मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र बढ़खालसा ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के 72वें जन्मदिवस के अवसर पर 5 जून से की गई थी। उन्होंने कहा कि अभियान चार प्रमुख उद्देश्यों—अधिक पौधरोपण, जल संरक्षण, सुरक्षित एवं स्वस्थ अन्न उत्पादन और प्लास्टिक के उपयोग में कमी—पर आधारित है। उनका कहना था कि यदि समाज इन चार संकल्पों को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।
कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध गायक एम.डी. और बिंदर दनोदा ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साहपूर्ण बनाया। वहीं, पर्यावरण संरक्षण के लिए लंबे समय से कार्य कर रहे ट्री मैन देवेंद्र सूरा ने लोगों से केवल पौधे लगाने ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करने का भी आग्रह किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सामाजिक प्रतिनिधि, पर्यावरण प्रेमी और ग्रामीण मौजूद रहे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
