हरियाणा के कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सरकारी और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में दाखिले को लेकर अहम सूचना जारी की है। विभाग ने बताया कि पंजीकृत अभ्यर्थी 3 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक अपनी पसंद के ट्रेड और संस्थान का चयन कर सकेंगे। विभाग ने सभी उम्मीदवारों से निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
विभाग के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों ने 2 जून से 30 जून 2026 के बीच ऑनलाइन आवेदन और पंजीकरण कराया है, उन्हें अब प्रवेश पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी पसंद के ट्रेड और संस्थान के विकल्प भरने होंगे। विकल्प भरने के बाद आवेदन को अंतिम रूप से सबमिट करना अनिवार्य होगा। बिना अंतिम सबमिशन के आवेदन को प्रवेश प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
सभी उम्मीदवारों को अपनी यूजर आईडी के माध्यम से दाखिला पोर्टल पर लॉगिन कर निर्धारित अवधि के भीतर विकल्प भरने होंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल वही आवेदन मान्य होंगे, जिनमें ट्रेड और संस्थान का चयन करने के बाद आवेदन सफलतापूर्वक जमा किया गया हो। इसलिए अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय रहते पूरी प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
विभाग ने उन छात्रों को भी राहत दी है, जिन्होंने अब तक आवेदन नहीं किया है। ऐसे इच्छुक अभ्यर्थी 15 जुलाई 2026 तक नए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इससे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रवेश से संबंधित अन्य सभी नियम और शर्तें पहले की तरह लागू रहेंगी। उम्मीदवारों से अपील की गई है कि वे समय सीमा का विशेष ध्यान रखें और आवेदन प्रक्रिया पूरी करने से पहले सभी जानकारी सावधानीपूर्वक जांच लें, ताकि दाखिले के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
