अंबाला: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 17 जुलाई को नई संत रविदास एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस नई ट्रेन के शुरू होने से पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों, खासकर वाराणसी जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। रेलवे प्रशासन ने उद्घाटन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, उद्घाटन के दिन ट्रेन संख्या 04686 को जालंधर कैंट से वाराणसी के बीच स्पेशल ट्रेन के रूप में संचालित किया जाएगा। यह ट्रेन 17 जुलाई की शाम 7:00 बजे पहली बार अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचेगी, जहां इसके स्वागत के लिए भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पहले आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी में ट्रेन का स्वागत किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने स्टेशन पर आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की हैं।
रेलवे के अनुसार, शुरुआती दौर में स्पेशल ट्रेन के रूप में संचालन के बाद इस सेवा को नियमित कर दिया जाएगा। नियमित संचालन के दौरान यह ट्रेन 14624/14625 नंबर के साथ सप्ताह में तीन दिन—बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी। इसके साथ ही ट्रेन का विस्तार पंजाब के छेहरटा स्टेशन तक किया जाएगा, जिससे यह छेहरटा-वाराणसी के बीच नियमित रूप से संचालित होगी।
नई ट्रेन सेवा शुरू होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। वाराणसी जाने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को अब बेहतर और सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक बन सकेगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
