17 जुलाई को पीएम मोदी देंगे हरियाणा को बड़ी सौगात, हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी

Haryana

कुरुक्षेत्र: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा दौरे के दौरान राज्य को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस अवसर पर वे देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र के एलिवेटेड रेलवे ट्रैक और स्टेशन का उद्घाटन करेंगे तथा भव्य सिख म्यूजियम का शिलान्यास भी करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसे हरियाणा के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण बताया है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपीं और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जींद से सोनीपत के बीच संचालित होने वाली हाइड्रोजन ट्रेन हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए तकनीकी और पर्यावरणीय दृष्टि से एक बड़ी उपलब्धि होगी।

प्रधानमंत्री के हाथों कुरुक्षेत्र के एलिवेटेड रेलवे ट्रैक और रेलवे स्टेशन का उद्घाटन भी किया जाएगा। इस परियोजना के शुरू होने से शहर के पांच प्रमुख रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी। लंबे समय से प्रतीक्षित इस परियोजना के संचालन से यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होने की उम्मीद है।

दौरे के दौरान प्रधानमंत्री भव्य सिख म्यूजियम का शिलान्यास भी करेंगे। इस संग्रहालय में प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी से लेकर दशम गुरु गुरु गोबिंद सिंह जी तक के जीवन, शिक्षाओं, इतिहास और पवित्र वाणी को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। सरकार का मानना है कि यह संग्रहालय आने वाली पीढ़ियों को सिख इतिहास और विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की है कि वे कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों और यात्रा के दौरान इलेक्ट्रिक एवं सीएनजी वाहनों का उपयोग करें, ताकि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने बताया कि हाइड्रोजन ट्रेन बिना डीजल और बिना बिजली के संचालित होगी तथा इससे केवल जलवाष्प (भाप) का उत्सर्जन होगा, जिससे प्रदूषण में कमी आएगी।

वहीं, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि प्रधानमंत्री के जींद कार्यक्रम के समानांतर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में भी विशेष आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, आधुनिक स्टेशन और सिख म्यूजियम जैसी परियोजनाएं कुरुक्षेत्र के विकास को नई गति देंगी और शहर को नई पहचान दिलाएंगी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *