उत्तरकाशी: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित होने लगा है। यमुनोत्री हाईवे पर कई स्थानों पर भूस्खलन होने से सड़क पर भारी मात्रा में मलबा और पत्थर आ गए हैं, जिसके कारण हाईवे बंद हो गया है। वहीं प्रदेश के अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी भूस्खलन और बोल्डर गिरने से कई महत्वपूर्ण मार्ग बाधित हो गए हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग मार्गों को जल्द से जल्द सुचारू करने में जुटे हैं।
यमुनोत्री हाईवे पर मलबा, श्रद्धालुओं की बढ़ी परेशानी
यमुना घाटी में लगातार बारिश के कारण स्यानाचट्टी और हनुमान चट्टी के बीच कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। सड़क पर मलबा और बड़े पत्थर आने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है। कुछ स्थानों पर सड़क का कटाव भी हो रहा है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के अधिशासी अभियंता मनोज रावत ने बताया कि हाईवे से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है और मौसम अनुकूल रहने पर दोपहर तक मार्ग खोलने का प्रयास किया जा रहा है।
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भी बढ़ा खतरा
लगातार बारिश के कारण गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर भी भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। चीरबासा के पास पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने के बाद घोड़ा-खच्चर संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। हालांकि पैदल यात्रियों को अत्यधिक सावधानी के साथ संकरे रास्ते से आवाजाही की अनुमति दी जा रही है।
प्रशासन लगातार यात्रियों से मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील कर रहा है।
मलारी हाईवे समेत कई मार्ग रहे प्रभावित
चमोली जिले में ज्योतिर्मठ-मलारी राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने के कारण कई घंटों तक यातायात बाधित रहा। हाईवे बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसके अलावा राज्य के कई अन्य संपर्क मार्गों पर भी मलबा आने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे आवाजाही प्रभावित हुई।
प्रशासन अलर्ट, मार्ग खोलने में जुटीं टीमें
राज्य के विभिन्न जिलों में लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार मार्गों से मलबा हटाने का कार्य कर रही हैं। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य लें।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
