हरियाणा के हांसी स्थित चानौत गांव में पिछले करीब दो महीने से चल रहा पेयजल विवाद अब सुलझने की ओर बढ़ गया है। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने बुधवार को 11 सदस्यीय संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर गांव की पेयजल समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया। बैठक के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने से लंबे समय से जारी आंदोलन के समाप्त होने की उम्मीद बढ़ गई है।
बैठक में केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि गांव के लिए पहले भाखड़ा नहर से अलग पेयजल पाइपलाइन बिछाई जाएगी। यदि इसके बाद भी चानौत गांव की पानी की जरूरत पूरी नहीं होती है, तो राजली हेड से हांसी शहर तक बिछाई जा रही पाइपलाइन में टी-कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा। संघर्ष समिति ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई और कहा कि ग्रामीणों से चर्चा के बाद जल्द ही धरना समाप्त करने का निर्णय लिया जाएगा।
दरअसल, चानौत गांव के लोगों का कहना था कि वे वर्षों से पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। इसी समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने हांसी के लिए बिछाई जा रही पाइपलाइन से टी-कनेक्शन की मांग उठाई थी। मांग पूरी नहीं होने पर गांव में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया, जो समय के साथ बड़े जनआंदोलन में बदल गया।
आंदोलन के दौरान कई बार प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति भी बनी। धरना स्थल हटाने को लेकर पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी और प्रशासन की ओर से आंदोलनकारियों को नोटिस भी जारी किए गए। कई दौर की बातचीत के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया था, जिससे मामला लगातार चर्चा में बना रहा।
इस बीच ग्रामीणों ने चेतावनी दी थी कि यदि 17 जुलाई तक उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद दौरे के दौरान भी अपनी आवाज बुलंद करेंगे। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी और गांव के बाहर बैरिकेडिंग भी की गई थी।
बुधवार को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, हिसार में पूर्व राज्यसभा सदस्य सुभाष चंद्रा के पिता नंदकिशोर गोयंका के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने चानौत संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में प्रस्तुत समाधान पर दोनों पक्षों की सहमति बनने के बाद लंबे समय से चला आ रहा पेयजल विवाद अब अंतिम चरण में पहुंच गया है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
