नैनीताल से लौट रहे लखनऊ के पर्यटकों की टवेरा खाई में गिरी, SDRF ने बचाईं छह जानें

Uttarakhand

उत्तराखंड के नैनीताल जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नैनीताल घूमकर लखनऊ लौट रहे छह पर्यटकों की टवेरा गाड़ी ज्योलीकोट के पास अचानक अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, गोमतीनगर (लखनऊ) निवासी सिद्धार्थ प्रताप सिंह (24), निखिल त्रिपाठी (20), आदित्य त्रिपाठी (24), सिद्धांत सिंह (23), आदर्श मिश्रा (23) और निखिलेंद्र सिंघल (23) नैनीताल घूमने आए थे। गुरुवार सुबह सभी पर्यटक हल्द्वानी निवासी चालक संग्राम सिंह के साथ टवेरा वाहन से काठगोदाम की ओर लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि ज्योलीकोट नंबर-1 से आगे पहुंचते ही वाहन अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क से नीचे करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद वाहन में सवार सभी लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना दी, जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

कड़ी मशक्कत के बाद बचाव दल ने सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला। एएसआई सुनील कुमार के अनुसार, हादसे में चालक संग्राम सिंह और पर्यटक निखिलेंद्र सिंघल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस से हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य चार पर्यटकों को भी चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

इस हादसे ने नैनीताल से लौट रहे पर्यटकों की यात्रा को दर्दनाक बना दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है, जबकि प्रशासन ने बारिश के मौसम में पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *