पंजाब सरकार राज्य के औद्योगिक विकास और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है। सरकार भारतीय रेलवे से विशेष रैक वाली मालगाड़ियों को लीज पर लेने की योजना बना रही है, ताकि उद्योगों का माल देश के प्रमुख बाजारों और बंदरगाहों तक तेजी और कम लागत में पहुंचाया जा सके। इसके लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर जल्द ही केंद्रीय रेल मंत्रालय को भेजा जाएगा।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इस पहल की पुष्टि करते हुए कहा कि योजना का उद्देश्य उद्योगों को बेहतर और भरोसेमंद माल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। प्रस्तावित व्यवस्था को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत भारतीय रेलवे के सहयोग से लागू करने की तैयारी की जा रही है। इससे उद्यमियों को मालगाड़ियों की लंबी वेटिंग से राहत मिलेगी और समय पर रैक उपलब्ध हो सकेंगे।
योजना लागू होने के बाद लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, मंडी गोबिंदगढ़, राजपुरा और बठिंडा जैसे प्रमुख औद्योगिक शहरों को सीधे देश के बड़े व्यापारिक केंद्रों और प्रमुख बंदरगाहों से जोड़ने की व्यवस्था विकसित होगी। सरकार का मानना है कि इससे राज्य के निर्यात आधारित उद्योगों को बड़ा फायदा मिलेगा और व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी।
रेल परिवहन सड़क मार्ग की तुलना में अधिक किफायती माना जाता है। विशेष रैक के जरिए एक साथ बड़ी मात्रा में माल भेजा जा सकेगा, जिससे परिवहन लागत कम होगी और समय की भी बचत होगी। इसका सबसे अधिक लाभ सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को मिलेगा, जिन्हें अपने उत्पाद समय पर बाजार और बंदरगाहों तक पहुंचाने में आसानी होगी।
सरकार का कहना है कि इस पहल से राज्य में लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा, वेयरहाउस और लॉजिस्टिक्स हब के विकास को बढ़ावा मिलेगा तथा नए निवेशकों का भरोसा भी बढ़ेगा। वर्तमान में पंजाब के टेक्सटाइल, साइकिल, मशीन टूल्स, कृषि उपकरण, स्टील और खेल उत्पाद उद्योग मुख्य रूप से सड़क परिवहन पर निर्भर हैं। रेल आधारित माल परिवहन व्यवस्था लागू होने से लागत कम होगी, ट्रैफिक जाम की समस्या घटेगी और निर्यात के लिए माल समय पर बंदरगाहों तक पहुंच सकेगा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
