देहरादून: उत्तराखंड में आने वाले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ रहेगा। मौसम विभाग ने 26 जून से 1 जुलाई तक राज्य के अधिकांश पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
पर्वतीय जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 26 से 28 जून तक उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है।
वहीं मैदानी क्षेत्रों हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
29 जून से बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 29 जून को पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कई स्थानों पर बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। अन्य पर्वतीय जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा।
30 जून को कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान
30 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जताया गया है।
मौसम विभाग ने इस दौरान लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 और 30 जून को पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
