11 जुलाई से देहरादून के परेड ग्राउंड में सजेगा ‘लोक संवर्धन पर्व’, किरेन रिजिजू करेंगे शुभारंभ

Uttarakhand

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 11 से 15 जुलाई तक ‘लोक संवर्धन पर्व’ का आयोजन किया जाएगा। भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और उत्तराखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस पांच दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन 11 जुलाई को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास और कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

यह पहली बार है जब लोक संवर्धन पर्व का आयोजन किसी राज्य सरकार के सहयोग से किया जा रहा है। उत्तराखंड, प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (PM VIKAS) योजना के तहत इस आयोजन की मेजबानी करने वाला पहला राज्य बना है। महोत्सव का उद्देश्य पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, हथकरघा और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना तथा कारीगरों और उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर पर मंच उपलब्ध कराना है।

महोत्सव में देशभर के पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा और विरासत शिल्प से जुड़े करीब 150 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें लगभग 40 प्रतिशत स्टॉल उत्तराखंड की पारंपरिक कला और शिल्प को समर्पित होंगे। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, गुजरात सहित कई राज्यों के हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पाद भी आकर्षण का केंद्र होंगे। वहीं, 20 फूड स्टॉल पर गढ़वाली, कुमाऊँनी, लखनवी, राजस्थानी और अन्य राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी आगंतुकों को मिलेगा।

महोत्सव के दौरान लाइव शिल्प प्रदर्शन, खरीदार-विक्रेता संवाद, उद्यमिता एवं डिजिटल मार्केटिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे। वहीं सांस्कृतिक संध्याओं में तलत अजीज, ज्योति नूरां, किशन महिपाल, विवेक नौटियाल, माया उपाध्याय, पांडवाज़ और परमिश वर्मा जैसे कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। यह महोत्सव 11 से 15 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक आम जनता के लिए निशुल्क खुला रहेगा।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *