देहरादून | आगामी चार धाम यात्रा को लेकर उत्तराखंड का परिवहन विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इस बार यात्रा को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए देहरादून आरटीओ विभाग ने कई अहम नियम लागू करने की तैयारी की है।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अनीता चमोला ने जानकारी देते हुए बताया कि चार धाम यात्रा में शामिल होने वाले सभी वाहनों में डस्टबिन रखना अनिवार्य किया जाएगा। इसका उद्देश्य यात्रा मार्गों पर स्वच्छता बनाए रखना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ओवरस्पीडिंग, नशे (ड्रग्स और शराब) की हालत में वाहन चलाने और लापरवाही जैसे मामलों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
यात्रा मार्गों पर निगरानी के लिए आधुनिक कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। इसके साथ ही रोड सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए वाहनों की गति सीमा का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
आरटीओ विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि बाहर से आने वाले यात्रियों के वाहनों के साथ-साथ स्थानीय वाहनों की भी फिटनेस और मेंटेनेंस की जांच की जाएगी, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
चार धाम यात्रा हर साल लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है। ऐसे में इस बार प्रशासन की यह पहल यात्रा को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
