ड्राफ्ट मतदाता सूची से बाहर हुए 28.68 लाख वोटर, 21 जुलाई से मिलेगा नाम जुड़वाने का मौका

Haryana

चंडीगढ़: हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के दौरान करीब 28 लाख 687 मतदाता बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के सत्यापन के दौरान अपने पते पर नहीं मिले। निर्वाचन विभाग ने इन सभी मतदाताओं को एएसडी (Absent, Shifted, Dead, Duplicate) श्रेणी में शामिल किया है। ऐसे मतदाताओं के नाम 21 जुलाई को जारी होने वाली प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची में शामिल नहीं होंगे। हालांकि, निर्वाचन आयोग ने उन्हें अपना नाम दोबारा जुड़वाने का अवसर भी दिया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) हरियाणा के अनुसार, बीएलओ ने संबंधित मतदाताओं के पते पर तीन बार जाकर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन सत्यापन नहीं हो सका। इसके बाद नियमानुसार उन्हें एएसडी श्रेणी में रखा गया। यदि दावा और आपत्ति की निर्धारित अवधि के दौरान आवेदन नहीं किया गया, तो अंतिम मतदाता सूची से उनके नाम हटाए जा सकते हैं।

जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो पंचकूला में सबसे अधिक 22.94 प्रतिशत मतदाता सत्यापन के दौरान नहीं मिले। इसके बाद फरीदाबाद (21 प्रतिशत), गुरुग्राम (20.15 प्रतिशत), सोनीपत (16.18 प्रतिशत), पानीपत (15.23 प्रतिशत) और यमुनानगर (15.17 प्रतिशत) का स्थान है। निर्वाचन विभाग का मानना है कि शहरी क्षेत्रों में स्थानांतरण और आवास परिवर्तन इसके प्रमुख कारण हो सकते हैं।

निर्वाचन विभाग ने बताया कि 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। इस दौरान पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं, जबकि नाम, पता, फोटो या अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 जमा किया जा सकता है। इसके अलावा 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा भी पहली बार मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

मतदाताओं की सुविधा के लिए एएसडी सूची सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। यह सूची ईपीआईसी (EPIC) नंबर के माध्यम से भी खोजी जा सकेगी। साथ ही पंचायत भवन, नगर निगम, बीडीपीओ कार्यालय और अन्य सरकारी कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर भी इसे प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र मतदाता समय रहते अपना नाम जांचकर आवश्यक कार्रवाई कर सके।

निर्वाचन विभाग के अनुसार, राज्य में वर्तमान में 2 करोड़ 6 लाख 55 हजार 929 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें से 1 करोड़ 67 लाख 3 हजार 944 मतदाताओं के गणना फॉर्म बीएलओ द्वारा एकत्र कर ऑनलाइन अपलोड किए जा चुके हैं। अब तक कुल 94.43 प्रतिशत मतदाताओं का सत्यापन पूरा हो चुका है, जबकि शेष 5.57 प्रतिशत मतदाताओं का सत्यापन कार्य अंतिम चरण में है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *