चमोली: बदरीनाथ धाम की सुरक्षा, गोपनीयता और धार्मिक मर्यादाओं को बनाए रखने के लिए चमोली पुलिस लगातार सतर्क है। इसी क्रम में मंदिर के गर्भगृह क्षेत्र में स्पाई कैमरे से अवैध रूप से वीडियो और फोटो रिकॉर्डिंग कर रहे एक यात्री को पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी रिकॉर्ड किए गए वीडियो और तस्वीरों को तत्काल डिलीट करा दिया।
पुलिस के अनुसार, जांच में आरोपी की पहचान जयप्रकाश पांडे निवासी नोहर रोड, मुंबई के रूप में हुई। वह मंदिर के गर्भगृह क्षेत्र में स्पाई कैमरे की मदद से वीडियो और फोटो रिकॉर्डिंग कर रहा था। यह गतिविधि मंदिर प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा नियमों और धार्मिक मर्यादाओं का उल्लंघन मानी गई।
मामले का संज्ञान लेते हुए चमोली पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई की। इसके साथ ही सुरक्षा और गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए उसके पास मौजूद सभी अवैध वीडियो और फोटो तत्काल प्रभाव से डिलीट कराए गए।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे बदरीनाथ धाम में मंदिर प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और प्रतिबंधित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बदरीनाथ धाम में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था, धार्मिक गरिमा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की अनधिकृत गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
