शिमला: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच प्राकृतिक आपदाओं का सिलसिला जारी है। शिमला जिले के रामपुर उपमंडल की ग्राम पंचायत नरैण के ब्रांदली क्षेत्र में रविवार रात बादल फटने से अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। तेज सैलाब की चपेट में आकर खेल मैदान और करशोली गांव का श्मशान घाट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बादल फटने के बाद ब्रांदली खड्ड में अचानक पानी और मलबे का तेज बहाव आ गया। देखते ही देखते खेल मैदान मलबे में तब्दील हो गया, जबकि श्मशान घाट भी सैलाब में बह गया। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल सरकारी संपत्ति का नुकसान नहीं है, बल्कि गांव की साझा धरोहर और वर्षों की मेहनत से तैयार की गई सुविधाओं का भी विनाश है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू किया। अधिकारियों ने लोगों से नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। क्षेत्र में जलस्तर लंबे समय तक ऊंचा बना रहा, जिससे प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
वहीं, लगातार बारिश के बीच शिमला शहर से भी एक चिंताजनक घटना सामने आई। ऐतिहासिक रिज मैदान पर स्थित रेलिंग (डंगे) का एक हिस्सा अचानक धंसकर बाहर की ओर निकल आया। घटना के समय बारिश के कारण रिज मैदान पर भीड़ कम थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही नगर निगम और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित क्षेत्र को घेरकर आम लोगों की आवाजाही रोक दी।
प्रशासन ने बताया कि क्षतिग्रस्त हिस्से का तकनीकी मूल्यांकन किया जा रहा है और जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सुरक्षा कारणों से प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश न करें। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की भी अपील की है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
