रेवाड़ी के विकास नगर कंकरवाली क्षेत्र में एक स्कूल संचालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कार के अंदर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान आकाश गौड़ के रूप में हुई है, जो 18 मई से लापता बताए जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, आकाश गौड़ किसी जरूरी काम से घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों ने बताया कि उनकी पत्नी से आखिरी बार 19 मई को फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई।
बेटे ने रास्ते में देखी थी कार
मंगलवार को आकाश गौड़ के बेटे ने स्कूल बस से जाते समय रास्ते में अपने पिता की कार खड़ी देखी थी। हालांकि उस समय उसे किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ। स्कूल से लौटने के बाद उसने परिवार को कार के बारे में जानकारी दी।
इसके बाद परिजन गढ़ी बोलनी रोड से सेक्टर-18 की ओर जाने वाले मार्ग पर पहुंचे, जहां सड़क किनारे कार खड़ी मिली। जब परिवार ने कार के अंदर देखा तो आकाश सीट पर बैठे हुए मिले। उनकी हालत देखकर परिजन घबरा गए और तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद आकाश गौड़ को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। शुरुआती तौर पर मामला संदिग्ध माना जा रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
