अवैध हथियार और 10 चोरी की बाइकों के साथ दो शातिर चोर गिरफ्तार…

Delhi

देश की राजधानी दिल्ली की कालकाजी थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वाहन चोरी करने वाले दो बेहद शातिर और नामी चोरों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस ने दो अलग-अलग सटीक कार्रवाइयों में केशव उर्फ भानू और जीतू कुमार नाम के बदमाशों को दबोचा है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से एक अवैध पिस्टल, कारतूस और इनकी निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिलें/स्कूटी बरामद हुई हैं। इन गिरफ्तारियों के साथ ही दिल्ली पुलिस ने वाहन चोरी के 10 बड़े मामलों को एक साथ सुलझाने का दावा किया है।

बुलेट चोरी से खुला राज, 350 किलोमीटर के CCTV खंगाले
इस बड़े रैकेट का पर्दाफाश होने की कहानी 11 जनवरी को शुरू हुई थी। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त (DCP) डॉ. हेमंत तिवारी के मुताबिक, गोविंदपुरी एक्सटेंशन के रहने वाले मनजीत सिंह मोहाल की रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल (DL-3SGE-8628) कालकाजी इलाके से चोरी हो गई थी, जिसकी उन्होंने ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कालकाजी के थाना प्रभारी (SHO) और एसीपी के मार्गदर्शन में एक स्पेशल टीम बनाई गई, जिसमें एसआई जयविंद, एएसआई कृष्ण, एएसआई राहुल चौधरी, हवलदार कुलदीप, सिपाही सुधीर, गौरव और मनोज शामिल थे। टीम ने जब जांच शुरू की, तो चोरों का सुराग लगाने के लिए करीब 350 किलोमीटर के दायरे में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया।

यूपी के इटावा तक पीछा कर दबोचा आरोपी
सीसीटीवी खंगालने पर पुलिस को एक संदिग्ध हुंडई एक्सेंट (Hyundai Xcent) कार (HR-55AE-5628) दिखाई दी, जो चोरी के वक्त सपोर्ट व्हीकल के रूप में काम कर रही थी। पुलिस ने जाल बिछाकर सबसे पहले कार के मालिक और ड्राइवर अमित सिंह को खानपुर इलाके से गिरफ्तार किया। हालांकि, अमित का मुख्य साथी केशव उर्फ भानू दिल्ली से भागने में कामयाब रहा। दिल्ली पुलिस ने हार नहीं मानी और उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ तालमेल बिठाकर अंततः केशव को यूपी के इटावा से दबोच लिया। जब पुलिस रिमांड के दौरान केशव से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसकी निशानदेही पर बुलेट समेत चोरी के 5 दोपहिया वाहन बरामद हुए।

केशव की निशानदेही पर बरामद गाड़ियाँ:

रॉयल एनफील्ड बुलेट (DL-3SGE-8628) — थाना कालकाजी

हीरो स्प्लेंडर (DL-3SFP-9584) — थाना कालकाजी

हीरो स्प्लेंडर प्लस (DL-3SEL-9779) — थाना कालकाजी

हीरो पैशन प्रो (DL-3SCR-4357) — थाना तिगड़ी

हीरो पैशन (DL-3SDT-6516) — थाना कालिंदी कुंज

दूसरी कार्रवाई: चेकिंग के दौरान फिल्मी स्टाइल में गिरा दूसरा चोर
वाहन चोरों के खिलाफ दूसरी बड़ी कामयाबी 25 मई की शाम को मिली। हवलदार रोहित नागर और सिपाही गौरव बालियान को मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि एक शातिर अपराधी अवैध हथियार के साथ चोरी की काली पैशन प्रो बाइक पर सवार होकर कालकाजी मंदिर से नेहरू प्लेस की तरफ जा रहा है।

पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए आस्था कुंज पार्क रोड के पास नाकेबंदी कर दी। शाम करीब 7:30 बजे जब संदिग्ध बाइक आती दिखी, तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। पुलिस को देख आरोपी ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन हड़बड़ाहट में वह संतुलन खोकर सड़क पर गिर गया। पुलिस टीम ने फुर्ती दिखाते हुए उसे जमीन पर ही दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। उसकी पहचान 29 वर्षीय जीतू कुमार (निवासी तिगड़ी जेजे कॉलोनी) के रूप में हुई।

जीतू के पास से बरामद गाड़ियाँ:

पैशन प्रो (DL-3SBW-7539) — थाना कालकाजी से चोरी

हीरो स्प्लेंडर (DL-3SEN-1476) — थाना सरिता विहार से चोरी

होंडा एक्टिवा स्कूटी (DL-25H-9295) — थाना गोविंदपुरी से चोरी

पैशन प्रो (DL-12SD-8620) — थाना अमर कॉलोनी से चोरी

हीरो होंडा डीलक्स (DL-95Y-8882) — थाना जैतपुर से चोरी

संगठित गैंग के मेंबर हैं दोनों आरोपी, पुराना है ‘क्राइम रिकॉर्ड’
पुलिस की सघन पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कबूल किया कि वे दिल्ली-एनसीआर में एक्टिव संगठित वाहन चोर गिरोहों (Organized Bike Theft Gangs) के सक्रिय सदस्य हैं। वे अपने साथियों के साथ मिलकर पलक झपकते ही गाड़ियाँ उड़ा देते थे। अगर इनके बैकग्राउंड पर नज़र डालें, तो यह बेहद शातिर क्रिमिनल हैं: केशव उर्फ भानू: मूल रूप से इटावा (यूपी) का रहने वाला यह आरोपी दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में 20 से अधिक मामलों में पहले से शामिल रहा है। जीतू कुमार: इस पर पहले से ही साकेत, आरके पुरम, नेब सराय, तिगड़ी और कालकाजी थानों में 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस इनके अन्य साथियों और चोरी की बाइक खरीदने वाले कबाड़ियों का पता लगाने में जुटी है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *