राधेश्याम मिश्र
जनपद में शिक्षामित्रों के सम्मान और प्रोत्साहन के लिए कलेक्ट्रेट स्थित तथागत हाल में “शिक्षामित्र सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षामित्रों को प्रशस्ति पत्र और डेमो चेक देकर सम्मानित किया गया।
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र, जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद और अपर जिलाधिकारी अमरेन्द्र कुमार वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
मानदेय में बड़ी बढ़ोतरी, अब 18,000 रुपये मासिक
इस अवसर पर शिक्षामित्रों को बड़ी सौगात देते हुए उनके मानदेय में वृद्धि की जानकारी दी गई। पहले जहां शिक्षामित्रों को 10,000 रुपये मासिक मिलते थे, अब इसे बढ़ाकर 18,000 रुपये कर दिया गया है। कार्यक्रम में चयनित शिक्षामित्रों को डेमो चेक भी सौंपे गए।
मुख्यमंत्री कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण
कार्यक्रम के दौरान गोरखपुर से आयोजित मुख्यमंत्री के वर्चुअल संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और शिक्षामित्रों ने देखा और सुना।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और विज्ञान प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र
समारोह में स्कूली छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। साथ ही विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अवलोकन किया।
शिक्षा स्तर सुधारने की अपील
जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह पहल सराहनीय है, जिससे लाखों शिक्षामित्रों को लाभ मिलेगा। वहीं जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने शिक्षामित्रों से अपील की कि वे आकांक्षी जनपद श्रावस्ती में शिक्षा के स्तर को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम का समापन और धन्यवाद ज्ञापन
अंत में अपर जिलाधिकारी अमरेन्द्र कुमार वर्मा ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और उपस्थित लोगों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक अजीत कुमार उपाध्याय ने किया।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
